हरे रंग का विश्व भर में अद्भुत महत्‍व

दृष्टि III - कला/सौंदर्य
02-05-2019 07:00 AM
हरे रंग का विश्व भर में अद्भुत महत्‍व

हम अपने चारों ओर अनगिनत चीज़ें देखते हैं, जो किसी ना किसी रंग से मिश्रित होती है। रंगों का हमारे जीवन में विशेष महत्‍व है, कुछ रंग ऐसे होते हैं जो देखते ही मन को भा जाते हैं। हरा रंग भी ऐसे ही रंगों में से एक है, जो प्रकृति में नीले के बाद सबसे ज्‍यादा मात्रा में पाया जाता है। इसे जीवंत रंगों में गिना जाता है। पक्षी दुनिया में सबसे खूबसूरत पक्षी तोते को भी अक्‍सर हरे रंग का माना जाता है किंतु ताज्जुब की बात तो यह है कि वास्‍तव में तोते में हरा रंग नहीं होता है। उनमें वास्‍तविक रंग पीला और लाल होता है जो हमें प्रकाश प्रकीर्णन के कारण हरा दिखाई देता है। इसे टिंडल प्रभाव (Tyndall Effect) कहा जाता है, जो रंगों का भ्रम उत्‍पन्‍न करता है। पीले वर्णक इनके पंखों की सतह पर होता है जिसे कृत्रिम रूप से हटा दिया जाए तो यह नीले रंग के दिखाई देने लगते हैं।

हरे रंग का कई क्षेत्रों में विशेष महत्‍व देखने को मिलता है:

शारीरिक प्रभाव
हरे रंग की उपस्थिति में हमारे शरीर की पीयूष ग्रन्थि संदीप्‍त हो जाती है। मांसपेशियों को अधिक आराम मिलता है, और रक्त में हिस्टैमिन (Histamine) का स्तर भी बढ़ जाता है, जिससे एलर्जी (Allergy) के लक्षणों में कमी होती है और रक्त वाहिकाओं, चिकनी मांसपेशियों के संकुचन में सहायता मिलती है। संक्षेप में, हरा रंग शांति, तनाव से राहत दिलाने और स्फूर्ति देने में सहायक होता है। यह अध्‍ययन क्षमता और रचनात्‍मकता में भी वृद्धि करता है।

प्रतीकवाद
हरा रंग संतुलन, प्रकृति, वसंत और पुनर्जन्म का प्रतीक माना जाता है। अमेरिका में ग्रीन पार्टी (Green Party) पारिस्थितिक और प्रगतिशील कारणों से टिकी हुई है। जापान में, हरे रंग को शाश्वत जीवन का रंग माना जाता है। इस्लाम में इसे पवित्र रंग माना जाता है, जो सम्मान और पैगंबर मुहम्मद का प्रतिनिधित्व करता है।

कुरान में इसे स्‍वर्ग से जोड़ा गया है। ऐतिहासिक फातिमी खिलाफत के बैनर (Banner) में भी हरे रंग का उपयोग किया गया है। आज, हरे रंग को इस्लाम के प्रतीक के रूप में कई राष्ट्रीय झंडों (अफगानिस्तान, अल्गेरिया, अज़रबैजान, कोमोरोस, ईरान, मॉरिटानिया, पाकिस्तान, सऊदी अरब आदि) में भी इस्तेमाल किया जाता है। इस्‍लाम में हरा रंग धरती से जुड़ते हुए इस्‍लाम धर्म का पालन करने की अनुमति देता है। पैगंबर मुहम्मद को इस्‍लाम में पृथ्‍वी के लिए अल्लाह का दूत माना जाता है जो समस्‍त जीव जन्‍तु और पारिस्थितिकी तंत्र के मध्‍य समानता के प्रतीक थे।

हरा रंग आयरलैंड में प्रतीक रंग है जो विशाल हरी पहाड़ियों और साथ ही साथ आयरलैंड के संरक्षक संत, सेंट पैट्रिक का प्रतिनिधित्व करता है। चीन में हरिताश्म पत्थर पुण्य और सुंदरता का प्रतिनिधित्व करता है। पुर्तगाल में इसे आशा का रंग माना जाता है। इस प्रकार विभिन्‍न देशों में इसे किसी न किसी रूप में विशेष महत्‍व दिया गया है।

सकारात्‍मकता का प्रतिनिधि
हम जीवन के सभी सकारात्‍मक पहलुओं जैसे – स्‍वास्‍थ्‍य, शक्ति, धन-समृद्धि, संतुलन, विकास आदि में हरे रंग का प्रयोग करना शुभ मानते हैं। रचनात्‍मकता और उत्‍पादकता को बढ़ाने में भी हरे रंग की विशेष भूमिका होती है।

हृदय चक्र का रंग भी हरा है
हृदय चक्र हमारे सीने के केन्‍द्र में स्थित है और यह चक्र हृदय, फेफड़े, संचार प्रणाली, कार्डियक प्लेक्सस (Cardiac Plexus) आदि सहित संपूर्ण छाती से जुड़ा हुआ है। हृदय चक्र भौतिक और आध्यात्मिक दुनिया के बीच की खाई को पाटता है। हृदय चक्र के खुलने से व्‍यक्ति को प्यार, सहानुभूति, और करुणा का अनुभव होने लगता है। हृदय चक्र हरे रंग का होता है, जिसे अनाहत कहा जाता है।

खेल के क्षेत्र में हरा रंग

ऑटो रेसिंग (Auto Racing) - ऑटो रेसिंग में हरे रंग को रेस प्रारंभ करने या पुनः शुरू करने हेतु संकेत के रूप में प्रयोग किया जाता है।
जूडो (Judo) - जूडो में ग्रीन बेल्ट हरे पेड़ों का प्रतीक है। जिस तरह एक हरा पेड़ सबसे ऊंची जीवित चीज है, उसी तरह ज्ञान की खोज हमें स्‍वयं करनी चाहिए जिससे उच्‍च लक्ष्‍यों की प्राप्ति की जा सके।

प्रसिद्ध ब्रांड (Brand) का प्रतीक

एच एंड आर ब्लॉक (H&R Block)
बीपी (BP)
हेनेकेन (Heineken)
स्टारबक्स (Starbucks)
दी मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट (The Masters Golf Tournament)
रोलिंग रॉक (Rolling Rock)
गार्नियर फ्रुक्टिस (Garnier Fructis)

गहरा हरा रंग पुरूषत्‍व को तथा हल्‍का हरा रंग स्‍त्रीत्‍व को दर्शाता है। हरे रंग के विभिन्‍न रूपों के भिन्‍न प्रभाव देखने को मिलते हैं।

गहरा हरा: गहरे हरे रंग को धन से जोड़ा जाता है, विशेष रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका में जहां मुद्रा के कागज का रंग भी हरा है। धन से जुड़े होने के कारण हरे रंग को लालच, ईर्ष्या और महत्वाकांक्षा का प्रतीक भी माना जाता है।

चमकीला हरा: चमकीले हरे रंग को उम्मीद और सुरक्षा से जोड़ा जाता है। यह रंग स्थिरता और धीरज का भी प्रतिनिधित्व करता है, हालांकि यह प्रकृति से जुड़ा हुआ है। चमकीले हरे रंग को अक्‍सर पौधों और पर्यावरण के अनुकूल माना जाता है, इसलिए विपणन हेतु विभिन्‍न सामग्रियों की पैकेजिंग (Packaging) में भी इसी रंग का उपयोग किया जाता है।

पीलेपन वाला हरा रंग: पीला रंग जितना अधिक हरा होता है वह उतना ही सकारात्‍मकता का प्रतीक होता है। इस रंग को अक्‍सर व्‍याधि का प्रतिनिधित्‍व करने वाला भी समझा जाता है। कुछ लोग इसे ईर्ष्‍या से भी जोड़ते हैं।

जैतूनी हरा: इसे प्रकृति से जोड़ा जाता है, यह रंग शांति का भी प्रतिनिधित्‍व करता है। यदि शाब्दिक रूप से देखा जाए तो जैतून एक प्राकृतिक पौधा है, जो हरे रंग का होता है तथा शांति से जुड़ा होता है।

हरा रंग द्वितीयक रंग है, जो दो प्राथमिक रंगो से मिलकर बना है। हरे रंग का निर्माण पीले और नीले रंग के मिश्रण से बना होता है। सफेद या काले रंग जैसे अतिरिक्त रंगों को जोड़कर और भी तरह के हरे रंगों का निर्माण किया जा सकता है।

संदर्भ:

1. https://bit.ly/2J6ksO3
2. https://bit.ly/2IPXDyI
3. https://designmodo।com/green-color/
4. https://en।wikipedia।org/wiki/Green_in_Islam