आइए जानें, रणनीति के गुप्त रहस्यों को उजागर करते नोसोस जैसे प्राचीन ग्रीक बोर्ड गेमों को

हथियार व खिलौने
11-03-2025 09:16 AM
आइए जानें, रणनीति के गुप्त रहस्यों को उजागर करते नोसोस जैसे प्राचीन ग्रीक बोर्ड गेमों को

यदि आप ध्यान से खेलें तो पाएंगे कि अधिकांश बोर्ड गेम केवल हमारा मनोरंजन ही नहीं करते, बल्कि हमें जीवन से जुड़े गहरे सबक भी सीखा जाते हैं। उदाहरण के तौर पर प्राचीन भारत में खोजे गए खेल सांप सीढ़ी के माध्यम से आप जीवन की यात्रा को समझ सकते हैं। यहाँ पर ऊपर चढ़ती सीढ़ियाँ अच्छे गुणों का प्रतीक हैं, जो व्यक्ति को ऊपर उठाती हैं, जबकि साँप बुरे गुणों को दर्शाते हैं, जो नीचे गिराते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि, भारत की तरह प्राचीन ग्रीस में भी बोर्ड गेम अत्यंत लोकप्रिय हुआ करते थे! यूनानियों के बीच खेल में मोहरों को हिलाना और रणनीति बनाना, एक अच्छे नागरिक बनने की शिक्षा का प्रतीक माना जाता था। इतिहासकारों का मानना है कि नोसोस बोर्ड गेम (The Knossos Game Board), जिसे लगभग 1600 ईसा पूर्व में विकसित किया गया था, उस समय का सबसे महत्वपूर्ण ग्रीक बोर्ड गेम था। आज के इस लेख में हम इस खेल के बारे में गहराई से जानेंगे और समझेंगे कि इसे कैसे खेला जाता था। इसके अलावा, हम कुछ अन्य प्राचीन ग्रीक बोर्ड गेम के बारे में भी चर्चा करेंगे। इस संदर्भ में, हम उन खेलों पर ध्यान देंगे जिनके नियम, आज भी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हैं । इनमें पेसिया, पेंटे ग्रामाई और पोलिस जैसे खेल शामिल हैं। अंत में, हम इन खेलों के सांस्कृतिक महत्व पर भी चर्चा करेंगे और समझेंगे कि ये ग्रीक समाज के लिए क्यों महत्वपूर्ण थे।

नोसोस, एक काल्पनिक बोर्ड गेम है। यह गेम, ग्रीस के सबसे बड़ा द्वीप क्रीट (Crete) में मिले एक प्राचीन महल की खोज से प्रेरित है। वहां पर एक वस्तु पाई गई, जो दिखने में एक गेम बोर्ड जैसी लगती है। इस बोर्ड के साथ चार शंक्वाकार टुकड़े भी मिले हैं। यह वस्तु अद्वितीय है, लेकिन इसी तरह की सजावट वाले टुकड़े एजियन क्षेत्र में अन्य जगहों पर भी पाए गए हैं, जो इसके अस्तित्व का संकेत देते हैं।

चित्र स्रोत : Wikimedia 

इस खेल के क्या नियम हैं?

नोसोस के बोर्ड पर कुल दस वृत्त होते हैं। इनमें से तीन ऊर्ध्वाधर दिशा में होते हैं और तीन अन्य उनसे लंबवत चलते हैं। दो वृत्त नीचे की ओर लंबवत होते हैं, जबकि दो वृत्त क्षैतिज पंक्ति के मध्य में स्थित दो वृत्तों के ऊपर होते हैं। इसके अतिरिक्त, हीरे के आकार में चार वृत्त होते हैं, जो क्षैतिज पंक्ति के ऊपर स्थित दो वृत्तों के ऊपर रखे जाते हैं। ये चार वृत्त बोर्ड के अन्य हिस्सों से अलग दिखाई देते हैं।

प्राचीन ग्रीस में नोसोस खेल कैसे खेला जाता था?

यह माना जाता है कि यह खेल, मध्य और सुदूर पूर्व के अन्य प्राचीन खेलों की तरह एक रेस गेम हुआ करता था। इस खेल के खोजकर्ता, सर आर्थर इवांस, ने अनुमान लगाया कि बोर्ड के निचले भाग में दिखाए गए चार नीले घेरे खेल के उद्देश्य को दर्शाते हैं। कभी-कभी इन घेरों को किले या गढ़ भी कहा जाता है। यदि दो खिलाड़ियों के पास दो-दो काउंटर होते, तो इन सर्कल में उन्हें रखना एक तार्किक लक्ष्य हो सकता था, जैसा कि अन्य खेलों के पुनर्निर्माण में देखा जाता है।

ग्रीस के हेराक्लिओन पुरातत्व संग्रहालय (Heraklion Archaeological Museum) में नोसोस नामक एक पुरातात्विक स्थल से संबंधित हाथीदांत, नीले कांच के पेस्ट और रॉक क्रिस्टल से जड़ा हुआ एक बोर्ड गेम | चित्र स्रोत : Wikimedia 

हालांकि इस खेल के खेलने का सही तरीका आज भी अज्ञात है। इसके किसी भी पुनर्निर्माण में काफ़ी अनुमान और अटकलें लगाईं जाती हैं। लेकिन, इसके कुछ पहलू पुराने खेलों जैसे जिरॉफ़्ट गेम्स (Jiroft Games), रॉयल गेम ऑफ़ उर (Royal game of Ur) और ताऊ (Tau) से मिलते-जुलते हैं। उदाहरण के लिए, बोर्ड के ऊपरी हिस्से में पंखों के पास काउंटरों की स्थिति अनुमानित प्रवेश बिंदु दर्शाती है।

हालांकि, इस खेल में (खासकर इसके शीर्ष भाग में) कुछ अनोखी विशेषताएँ भी थीं। संभावना है कि नदी पार करने के लिए पासे को एक खास तरीके से घुमाना आवश्यक होता। ऐसा ही नियम अन्य खेलों में भी देखा जाता है, जैसे रॉयल गेम ऑफ़ उर में "पुल" पार करना, 58 होल्स गेम (58 Holes Game) में "शॉर्टकट्स" का उपयोग करना या सांप और सीढ़ी के खेल में सीढ़ियों के माध्यम से तेजी से आगे बढ़ना।

आइए, अब आपको प्राचीन अज्ञात ग्रीक बोर्ड गेम से रूबरू कराते हैं?

1.) पेसिया/ पेतिया (Pesseia/Petteia): - पेसिया के पूरे नियम आज भी रहस्य बने हुए हैं, लेकिन ऐतिहासिक अभिलेखों से पता चलता है कि यह खेल आयताकार बोर्ड पर खेला जाता था। इस खेल के तहत, प्रत्येक खिलाड़ी को समान संख्या में टुकड़े मिलते थे, जिन्हें वे नियंत्रित करते थे। खेल का उद्देश्य प्रतिद्वंद्वी के टुकड़ों को दोनों ओर से घेरकर समाप्त करना होता था। विद्वानों का मानना है कि अंतिम लक्ष्य विरोधी के सभी टुकड़ों को खत्म करना या उन्हें ऐसी स्थिति में फंसा देना था कि वे कोई चाल न चल सकें।

आधुनिक मनोरंजनकर्ता आमतौर पर आठ-बाय-आठ ग्रिड वाले बोर्ड का उपयोग करते हैं। हर खिलाड़ी के पास सोलह टुकड़े होते हैं, जो किसी भी दिशा में एक कदम आगे बढ़ सकते हैं। हालांकि, इन आधुनिक संस्करणों के लिए पर्याप्त ऐतिहासिक प्रमाण नहीं मिलते हैं।

2.) पेंटे ग्रामाई/“पाँच पंक्तियाँ” (Pente grammai/Five Lines):- इस रोचक खेल की उत्पत्ति कम से कम 600 ईसा पूर्व में मानी जाती है। इसकी जानकारी विभिन्न कलाकृतियों और काव्य संदर्भों से मिलती है। हालांकि इसके पूरे नियम आज भी अज्ञात हैं, लेकिन यह निश्चित है कि पासे (डाइस) का उपयोग खिलाड़ियों की चाल तय करने के लिए किया जाता था। इनका उद्देश्य मार्करों को बाहरी रेखाओं से चलाकर "पवित्र रेखा" तक ले जाना था।

ग्रीक कवि अल्केयस ने इस खेल को अपने शब्दों में दर्शाया, "अब वह ऊपरी हाथ लेता है, पवित्र रेखा से [गुच्छे में रखे] पत्थर को हटा देता है।" वहीं, प्लेटो ने भी अपने ग्रंथ लॉज़ में इसी खेल का रूपक उपयोग किया, जब उन्होंने एथेनियन नेता की राजनीतिक चालों पर चर्चा की। खेल में रणनीतिक चालों और पवित्र रेखा से जुड़े रहस्यों ने इतिहासकारों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है। इससे पता चलता है कि यह खेल, काफ़ी जटिल और सोच-समझकर खेले जाने वाला था।

एक प्राचीन ग्रीक मिट्टी के बर्तन में अकिलीज़ (Achilles) और अजाक्स (Ajax) द्वारा खेले जा रहे पोलिस नामक एक बोर्ड गेम का दृश्य | चित्र सत्र : Wikimedia 

3.) पोलिस (Polis): एक प्राचीन ग्रीक बोर्ड गेम: - पोलिस, एक प्राचीन ग्रीक बोर्ड गेम था। इसे शुरुआती, रणनीति-आधारित खेलों में से एक माना जाता है। यह एक युद्ध खेल था, जो चेकर्स से मिलता-जुलता था। प्राचीन ग्रीक साहित्य में इसका उल्लेख लगभग 450 ईसा पूर्व से दूसरी शताब्दी ईसा पूर्व तक मिलता है। यह विशेष रूप से एथेंस में लोकप्रिय था।

हालांकि, इस खेल के मूल नियम पूरी तरह से ज्ञात नहीं हैं। केवल कुछ नियम ही संरक्षित रह पाए हैं। बोर्ड का आकार, प्रारंभिक सेटअप और मोहरों की चालें अभी भी रहस्य बनी हुई हैं। यह खेल चेकर्स जैसा दिखता था, लेकिन इसमें कैप्चर करने का तरीका अलग था। मोहरों को दो तरफ़ से घेरकर पकड़ा जाता था।

कुछ नियमों का उल्लेख, जूलियस पोलक्स (Julius Pollux) ने अपने ग्रंथ ओनोमैस्टिकॉन में किया है। दिलचस्प बात यह है कि खेल की तरह ही बोर्ड को भी "पोलिस" कहा जाता था। इसमें एक ग्रिड बना होता था। हालांकि, यह भी संभव है कि बोर्ड के प्रत्येक स्थान को भी "पोलिस" कहा जाता हो। मोहरों के दो रंग होते थे। इनकी संख्या प्रति खिलाड़ी शायद 30 थी, यानी कुल 60 मोहरे होते थे। हालांकि, इस संख्या को लेकर विद्वानों में मतभेद हैं। इन मोहरों को "कुत्ते" कहा जाता था।

ग्रीस का पारंपरिक तावली बोर्ड | चित्र स्रोत : Wikimedia 

प्राचीन यूनानी बोर्ड गेमों का गहरा सांस्कृतिक महत्व भी है! चलिए जानते हैं कैसे?

प्राचीन यूनानी लोग, समय बिताने के लिए विभिन्न बोर्ड और पासा खेल खेलते थे। इन खेलों के प्रमाण कई साहित्यिक और चित्रात्मक स्रोतों में मिलते हैं।

ग्रीक कवियों और दार्शनिकों ने अक्सर बोर्ड गेम और बच्चों के खेलों को दैवीय रचनाओं से जोड़ा। ये खेल, नैतिक शिक्षाओं का प्रतीक माने जाते थे और राज्य संचालन के लिए शक्तिशाली रूपकों के रूप में कार्य करते थे। आम जीवन में, कोई भी कल्पना कर सकता है कि कैसे लोग एगोरा (प्राचीन ग्रीक सभा स्थल) में अपने दोस्तों के साथ बोर्ड गेम खेलते थे। सैनिक भी लंबे अभियानों के दौरान, बोरियत दूर करने के लिए पासा खेलते थे। "पेसिया," जिसे "पेटिया" भी कहा जाता है, प्राचीन यूनानी साहित्य में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इस खेल ने कवियों और दार्शनिकों की कल्पना को समान रूप से आकर्षित किया।

प्राचीन ग्रीस, विशेष रूप से एटिका में लोकप्रिय "पेंटे ग्रामाई" नामक बोर्ड गेम ने पुरातात्विक रूप से महत्वपूर्ण निशान छोड़ा है। इसकी छवियाँ, कई उत्खननों में मिली हैं, जिनमें मंदिरों के फर्श भी शामिल हैं।

 

संदर्भ: 

https://tinyurl.com/26b9cy6f
https://tinyurl.com/2b5lgqmn
https://tinyurl.com/2ypua49d
https://tinyurl.com/2aetmbrb
https://tinyurl.com/24vbeyvx

मुख्य चित्र: नोसोस बोर्ड गेम (Wikimedia)

 

पिछला / Previous

Definitions of the Post Viewership Metrics

A. City Subscribers (FB + App) - This is the Total city-based unique subscribers from the Prarang Hindi FB page and the Prarang App who reached this specific post.

B. Website (Google + Direct) - This is the Total viewership of readers who reached this post directly through their browsers and via Google search.

C. Total Viewership — This is the Sum of all Subscribers (FB+App), Website (Google+Direct), Email, and Instagram who reached this Prarang post/page.

D. The Reach (Viewership) - The reach on the post is updated either on the 6th day from the day of posting or on the completion (Day 31 or 32) of one month from the day of posting.