दुनिया का सबसे लंबा सांप है रेटिकुलेटेड पाइथन

सरीसृप
19-12-2019 02:27 PM
दुनिया का सबसे लंबा सांप है रेटिकुलेटेड पाइथन

रेटिकुलेटेड पायथन (Reticulated python) को दुनिया का सबसे लम्बा सांप माना जाता है जोकि पायथनिडे (Pythonidae) परिवार से सम्बंधित है। यह मूल रूप से दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया का विषैला तथा खतरनाक सांप है। इसका वितरण व्यापक है जिस कारण इसे आई.यू.सी.एन. (IUCN) की लाल सूची में सूचीबद्ध नहीं किया गया है। कई देशों में इसकी त्वचा को उपयोग में लाया जाता है। इसके अतिरिक्त पारंपरिक चिकित्सा में तथा पालतू जानवर के रूप में भी इसका उपयोग और शिकार किया जाता है। रेटिकुलेटेड पायथन को एक उत्कृष्ट तैराक भी माना जाता है क्योंकि यह समुद्र में भी तैर सकता है तथा समुद्र की सीमा के भीतर कई छोटे द्वीपों में निवास करता है। यह तीन सबसे भारी सांपों में से एक है। सांप की इस प्रजाति को दक्षिण एशिया में निकोबार द्वीप समूह, भारत, बांग्लादेश, बर्मा, थाईलैंड, लाओस, कंबोडिया, वियतनाम, मलेशिया, और पूर्व में इंडोनेशिया और इंडो-ऑस्ट्रेलियन द्वीपसमूह इत्यादि में पाया जा सकता है जहां यह वर्षा वनों, वुडलैंड्स (Woodlands) और आसपास के घास के मैदानों में निवास करता है। इसके अलावा यह नदियों और झीलों वाले क्षेत्रों में भी पाया जाता है। यह भारत के कई क्षेत्रों में पाया जाता है जिनमें से उत्तर प्रदेश भी एक है।

दुनिया का सबसे लंबा रेटिकुलेटेड पायथन 32 फीट का था जिसका वज़न 350 पाउंड मापा गया था। इनका प्राकृतिक आहार मुख्य रूप से चूहे हैं जबकि अधिकतर सूअर, छछूंदर, बिल्ली इत्यादि का शिकार भी करते हैं। 2017 और 2018 में दो ऐसे पायथन पाये गये जिनके शरीर में से मानव शव को बाहर निकाला गया था। इस प्रकार यह इंगित करता है कि पायथन जानवरों के अलावा मानव का शिकार भी करते हैं। रेटिकुलेटेड पायथन का मुख्य शिकारी किंग कोबरा है जो कई उन स्थानीय इलाकों में पाया जाता है जहां रेटिकुलेटेड पायथन पाये जाते हैं। दोनों के बीच खतरनाक लड़ाई होती है जिसमें अक्सर दोनों जानवर मर जाते हैं। 2015 में संयुक्त राज्य अमेरिका में इन्हें रखने और एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने पर पाबंदी लगा दी गयी थी किंतु 2017 में इस पाबंदी को हटा दिया गया।

अपने शिकार की तलाश में यह पायथन कई बार मानव घरों में भी घुस जाता है। चूँकि यह चीजों को चबा या खोद नहीं सकता इसलिए ज़मीनी स्तर पर छोटे छिद्रों और दरारों में से घर के भीतर प्रवेश करता है। अत्यधिक गर्मी की अवधि के दौरान ये जीव ठंडे स्थानों, जैसे पानी के पाईप, टंकी इत्यादि में भी पाये जाते हैं। इसके अतिरिक्त ये घरों की दीवारों, बेसमेंट (Basement), छतों में भी पाये जा सकते हैं। रेटिकुलेटेड पायथन जहां दर्दनाक और घातक प्रहार के लिए जाने जाते हैं वहीं ये बीमारियों को प्रसारित करने में भी सक्षम हैं। इसलिए, इनकी संख्या के उग्र होने से पहले इनके संक्रमण को खत्म करना आवश्यक है। इसके लिए नींव के निर्माण के समय खाली दरारों को बंद कर देना चाहिए। खाली स्थानों को लकडियों से बंद कर देना चाहिए।
घर के भीतर सांपों के प्रवेश को रोकने के लिए निम्नलिखित उपाय किए जा सकते हैं:
• खरपतवार, अतिरिक्त वनस्पति, मलबे के ढेर और किसी भी अन्य ऐसी चीजों को हटा दें जहां सांप छिप सकते हैं।
• बगीचों का रखरखाव ठीक प्रकार से करें। यह चूहों और अन्य कीड़ों को नियंत्रित करने में भी मदद करेगा।
• उन फलों को साफ करें जो आपके लॉन (Lawn) पर गिरे हैं।
• सभी जलाऊ लकड़ी के ढेर को ज़मीन से ऊंचा रखें।
• सांपों को अंदर आने से रोकने के लिए अपने घर की नींव के आसपास किसी भी दरार का निरीक्षण करें और उसे बंद करें।
• साँप और चूहों को अपने घर से दूर रखने के लिए खाद को बंद डिब्बों में रखें।
• घर के आस-पास सांपों की खाद्य आपूर्ति को समाप्त करें।

संदर्भ:
1.
https://en.wikipedia.org/wiki/Reticulated_python
2. http://www.reptilesmagazine.com/5-Facts-About-The-Reticulated-Python/
3. https://www.nationalgeographic.com/news/2018/02/king-cobra-reticulated-python-fight-battle-photo-spd/
4. https://www.crittercontrol.com/services/snakes/snake-in-house
5. https://www.instructables.com/id/How-to-Keep-Snakes-Away-From-Your-House/
चित्र सन्दर्भ:-
1.
https://www.pexels.com/photo/brown-reticulated-python-1660997/
2. https://pixabay.com/no/photos/reticulated-python-snake-reptil-3506484/
3. https://pixabay.com/no/photos/slange-python-ball-python-s%C3%B8t-736403/
4. https://www.pexels.com/photo/brown-python-2062316/