दुपहिया वाहन के लिए नए नियम की आवश्यकता

गतिशीलता और व्यायाम/जिम
07-06-2018 01:33 PM
दुपहिया वाहन के लिए नए नियम की आवश्यकता

यातायात विकास का एक महत्वपूर्ण अंग है। और एक आम भारतीय नागरिक की बात की जाए तो 2 पहिया वाहन उसके जीवन में एक महत्वपूर्ण साधन है। यातायात वाहनों में रामपुर में 2 पहिया वाहन का एक अलग ही स्थान है। यदि देखा जाए तो 2 पहिया वाहनों को कहीं आने-जाने में अधिक आसानी होती है तथा यह जेब पर भी ज्यादा भारी नहीं पड़ता। यह एक कारण है कि रामपुर ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण भारत भर में 2 पहिया वाहनों को बड़े पैमाने पर खरीदा जाता है। वाहन से सम्बंधित अनेकों नियम परिवहन विभाग द्वारा बनाये गए हैं जिसमें लाइसेंस, हेलमेट, 2 लोगों से ज्यादा न बैठना आदि प्रमुख हैं। जैसा कि लाइसेंस 18 साल की उम्र के बाद वाले को ही मिलती है तो ऐसे में एक सवाल ज़हन में उठता है कि क्या सवारी के लिए भी उम्र का निर्धारण होना आवश्यक है?

हाल ही में रामपुर में कुछ घटनाएं हुईं जिसमें 2 पहिया मोटर साइकल पर बैठी एक महिला के हाथ से उसका बच्चा गिर गया था। हम अक्सर देखते हैं कि लोग अपने छोटे बच्चों को मोटर साइकल पर लेकर बैठ जाते हैं। और किसी कारणवश उनसे गलती से बच्चा गिर जाता है जिससे जान का नुक्सान भी हो जाता है। ऐसे में यह सोचना जरूरी हो जाता है कि क्या जिस प्रकार से वाहन चालक के लिए एक उम्र का नियम है वैसे ही वाहन सवारी के लिए भी किसी प्रकार का नियम होना आवश्यक है? बच्चों को लेकर 2 पहिया वाहन चलाते वक़्त कुछ प्रमुख समस्याएं आती हैं जैसे कि बच्चा इधर-उधर हिलता-डुलता रहता है जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है। बच्चों को खतरे के बारे में ज्यादा अंदेशा नहीं होता है जिस कारण से वह ऐसी हरकते कर देता है जो किसी अनहोनी को निमंत्रण भेजता है।

विश्व के कई ऐसे देश हैं जहाँ पर छोटे उम्र के बच्चों को मोटर साइकिल पर ले जाना प्रतिबंधित है। हमारे समाज में ऐसी कई घटनाएँ हो रही हैं जिनको समझना अत्यंत आवश्यक है। जब कभी भी गाड़ी पर कोई व्यक्ति बच्चे को बैठा कर ले जाए तो यह अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाता है उसके लिए कि वह अत्यंत सावधानी बरते। क्यूंकि ऐसे वाकिये हमारे सामने आये दिन देखने को मिल ही जाते हैं। 5 साल से बड़े बच्चे मानसिक रूप से कुछ समझने लायक हो जाते हैं। अतः 5 साल से कम के बच्चों को 2 पहिया वाहन पर ले जाना टालना ही चाहिए।

1.https://www.theguardian.com/environment/bike-blog/2011/jan/07/bike-seat-child-age
2.https://www.workingmother.com/safety-comes-first-when-riding-motorcycles-with-child-passengers
3.https://www.livehindustan.com/uttar-pradesh/rampur/story-child-s-death-by-slipping-away-from-mother-s-lap-in-camry-1998160.html