चार सौ साल पुरानी प्रथा है, नवरात्री के अंतिम दिन का सिन्दूर खेला

विचार I - धर्म (मिथक/अनुष्ठान)
06-10-2019 10:15 AM
चार सौ साल पुरानी प्रथा है, नवरात्री के अंतिम दिन का सिन्दूर खेला

नवरात्रि में मां दुर्गा के आखिरी दिन महिलाएं मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित करती हैं। इसके बाद सभी महिलाएं पान और मिठाई का भोग लगा कर एक दूसरे को सिंदूर लगाती हैं। यह करीब चार सौ साल पुरानी परंपरा है। इस शुभ दिन और परंपरा को सिंदूर खेला कहा जाता है।

सिंदूर खेला को सुहागिन महिलाओं का त्योहार माना जाता है। इस दिन शादीशुदा महिलाएं लाल रंग की साड़ी पहन कर माथे में सिंदूर भर कर पंडाल पहुंच कर दुर्गा मां को उलू ध्‍वनी के साथ विदा करती हैं। इसमें विधवा, तलाकशुदा, किन्नर और नगरवधुओं को शामिल नहीं किया जाता था। हालांकि पिछले कुछ सालों में समाजिक बदलाव की ओर कदम उठाते हुए अब सिंदूर खेला में सभी महिलाओं की भागीदारी देखी जाती है।

क्या है मान्‍यता
मान्‍यता है कि मां दुर्गा की मांग भर कर उन्‍हें मायके से ससुराल विदा किया जाता है। कहते हैं कि मां दुर्गा पूरे साल में एक बार अपने मायके आती हैं और पांच दिन मायके में रुकने के बाद दुर्गा पूजा होती है।

सिंदूर का महत्‍व
सिंदूर को सदियों से महिलाओं के सुहाग की निशानी माना गया है। मां दुर्गा को सिंदूर लगाने का बड़ा महत्‍व है। सिंदूर को मां दुर्गा के शादी शुदा होने का प्रतीक माना जाता है इसलिए यही कारण है कि दशमी वाले दिन सभी बंगाली महिलाएं मां दुर्गा को सिंदूर लगाती हैं।

क्या होता है इस दिन
सिंदूर खेला में पान के पत्ते से मां दुर्गा के गालों को स्पर्श किया जाता है। फिर उनकी मांग और माथे पर सिंदूर लगाया जाता है। इसके बाद मां को मिठाई खिलाकर भोग लगाया जाता है। फिर सभी महिलाएं एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर लंबे सुहाग की कामना करती हैं।

सन्दर्भ:-
1. https://bit.ly/2o7ALSI
2. https://www.youtube.com/watch?v=Z0d3Oagb6k0