कैसे बने तेंज़िन ग्यात्सो परम पावन दलाई लामा?

विचार II - दर्शन/गणित/चिकित्सा
06-07-2018 06:32 PM
कैसे बने तेंज़िन ग्यात्सो परम पावन दलाई लामा?

‘लामा’ तिब्बत में बौद्ध धर्म के आध्यात्मिक नेता या आध्यात्मिक गुरु को कहा जाता है। तिब्बत में ‘लामा साधना’ काफी प्रसिद्ध है। तिब्बती मान्यताओं के अनुसार लामा कोई सामान्य शब्द नहीं, बल्कि एक ऐसे शख़्स के लिए प्रयोग किया जाता है जो सर्वश्रेष्ठ हो। ऐसी मान्यता है कि यह नाम केवल एक ही व्यक्ति को मिल सकता है। परंतु अब यह शब्द लामा साधना में विभिन्न उपलब्धियां हासिल कर चुके बौद्ध भिक्षुओं को भी प्रदान किया जाता है, लेकिन उनका पद फिर भी ‘दलाई लामा’ से नीचे ही आंका जाता है। तो चलिए आज जानते हैं वर्तमान के परम पावन दलाई लामा के जीवन के बारे में कुछ तथ्य।

वर्तमान में 14वें लामा गुरु के रूप में तेंज़िन ग्यात्सो तिब्बत के राष्ट्राध्यक्ष और आध्यात्मिक गुरु हैं जिन्हें परम पावन दलाई लामा के रूप में जाना जाता है। परम पावन की मठीय शिक्षा छह वर्ष की आयु में प्रारंभ हुई। उनके पाठ्यक्रम में पाँच महाविद्या तथा पाँच लघु विद्या थे। 23 वर्ष की आयु में वे ल्हासा के जोखंग मंदिर में मोनलम (प्रार्थना) उत्सव के समय अपनी अंतिम परीक्षा में बैठे। उन्होंने अपनी परीक्षा में बड़े ही सम्मान के साथ सफलता प्राप्त की और उन्हें गेशे ल्हारम्पा की उपाधि जो कि उच्चतम उपाधि है और बौद्ध दर्शन में डॉक्टर के समकक्ष है, से सम्मानित किया गया।

1959 में चीनी सेना द्वारा ल्हासा के तिब्बती राष्ट्रीय संघर्ष को बड़ी क्रूरता से कुचले जाने के कारण 14वें दलाईलामा को भारत आना पड़ा। 1959 में इस विद्रोह में हज़ारों तिब्बती विद्रोही मारे गये। दलाईलामा ने हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से शहर धर्मशाला में आश्रय लिया जिसे अब तिब्बत की निर्वासित सरकार का घर मना जाता है। उनके साथ करीब 80 हज़ार तिब्बती भी आये जो उन्हीं के आसपास बस गये। दलाईलामा ने हमेशा शान्ति और अहिंसा का सहारा लेते हुए विरोध किया तथा 1989 में उन्हें नोबल शान्ति पुरुस्कार से सम्मानित किया गया। वर्तमान में वे अपने भाषणों से पूरे विश्व को शान्ति और अहिंसा का संदेश दे रहे हैं।

प्रस्तुत वीडियो दलाई लामा के जीवन पर बनाई गयी एक डॉक्यूमेंट्री है। क्लिक करें और जानें दलाई लामा के जीवन को और करीब से-


संदर्भ:
1. https://www.youtube.com/watch?v=Xrs9V5826J8
2. http://biographyhindi.com/dalai-lama-biography-in-hindi/
3. http://www.dalailamahindi.com/the-dalai-lama/biography-and-daily-life/brief-biography
4. https://goo.gl/bd8P4i