आपने तीखी धार पर भी आराम से चल देने वाले, घोंघे को तो अवश्य देखा होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गहरे समुद्र के नीचे भी एक घोंघा रहता है। लेकिन ज़मीन के विपरीत ये समुद्री शंकु घोंघे (Cone Snails) बेहद जहरीले होते हैं। यह घोंघा पलक झपकते ही अपने शिकार को सुन्न कर सकता है। इसका विष अविश्वसनीय रूप से कुशल होता है। हालांकि ये घोंघे विषैले होते हैं, लेकिन इनके ज़हर में पाए जाने वाले अनगिनत यौगिकों के कारण इनका विष बहुत मूल्यवान होता है। इसके विष का इस्तेमाल दर्द निवारक और अन्य दवाएं बनाने के लिए किया जा रहा है। इसके विष से मॉर्फीन (Morphine) से भी 1000 गुना अधिक शक्तिशाली दर्द निवारक पहले ही प्राप्त किए जा चुके हैं। एक शंकु घोंघे के जहर की कीमत लगभग 800 मिलियन यूरो प्रति किलोग्राम (6400 करोड़ रूपए), या लगभग 924 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक हो सकती है। हालाँकि इनसे केवल 1 किलो की विष प्राप्त करने के लिए हजारों घोंघे की आवश्यकता होती है। इसके शिकार करने का अंदाज़ भी बेहद शानदार होता है, जिसे आप ऊपर दिये गये वीडियो में आसानी से देख सकते हैं।